ताबड़तोड़ चाकू मारकर युवक की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रंजिश के चलते ये हत्या की गई है।
घटना राजस्थान की राजधानी जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना इलाके से जुड़ी है। यहां बीती देर रात एक युवक छोटा अखाड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। युवक बुरी तरह दर्द से कराह रहा था। इस पर यहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत इस सम्बंध में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने लोगों की मदद से गंभीर घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
यहां जांच में पता चला कि पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए हैं जिससे उसके लीवर और आंत बुरी तरह कट गई हैं। अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान बाड़मेर निवासी पप्पूराम के रूप में हुई है। वे यहां किराये का कमरा लेकर रहता था और जयपुर में ही सिलाई का काम करता था। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।