घर से रात को लापता हुई नाबालिग का शव आज सुबह कुएं में मिला। परिजनों ने इस मामले में गांव के एक युवक पर दुष्कर्म के बाद उसकी लाश कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है।
अलवर के सदर थाना अंतर्गत जाडोली गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका का शव कुएं में मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और यहां सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।
मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक धर्मेंद्र उर्फ काला प्रजापत पर बीती रात बालिका को जबरन घर से उठाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि धर्मेंद्र उनकी बालिका सब्बा को रविवार रात घर से उठा ले गया। इसके बाद उससे दुष्कर्म किया और कुएं में धक्का देकर फरार हो गया। उधर, पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।