ड्रग कंट्रोलर के छापे में पकड़े गए दवा कारोबारी
- फोटो : Amar Ujala
नशीली दवाओं के कारोबार की सूचना पर आज औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने एक मेडिकल शॉप पर छापा मारा तो वहां जखीरा देख टीम भी हैरान हो गई। यहां भारी मात्रा में नशीली दवाएं मिली। इनकी कीमत करीब 40 लाख रुपए होने का दावा किया जा रहा है।
यह कार्रवाई राजस्थान के सीकर जिले की रींगस तहसील में एक मेडिकल शॉप पर की गई। जानकारी के अनुसार ड्रग कंट्रोलर विभाग की टीम डॉक्टर अजय पाठक के नेतृत्व में बुधवार को रींगस पहुंची। यहां एक होटल के पास मेडिकल शॉप पर नशीली दवाओं के साथ सुरेंद्र जाखड़ नाम के व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह सुरेश कुमार नाम के दवा विक्रेता के साथ यह कारोबार करता है।
इस पर टीम ने रामदेव मंदिर के पास स्थित सुरेश कुमार की दुकान श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। यहां विभिन्न कंपनियों की नशीली दवाओं का जखीरा मिला। इनकी कीमत करीब 40 लाख बताई जा रही है। टीम ने नशीली दवाई जब्त कर ली और दुकान संचालक सुरेश कुमार और सुरेंद्र जाखड़ को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। उससे देर शाम तक थाने में पूछताछ की जा रही थी।