भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो स्पेशल यूनिट ने आज एक कार्रवाई करते हुए एक ऋण पर्यवेक्षक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुमान सिंह राजपुरोहित है। वह सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक शाखा-कल्याणपुर, जिला बाड़मेर में ऋण पर्यवेक्षक है।
उसके खिलाफ परिवादी गोपाराम ने एसीबी स्पेशल यूनिट जोधपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि वह ग्राम सेवा सहकारी समिति- गंगावास, तहसील-पंचपदरा जिला बाड़मेर में व्यवस्थापक के पद पर कार्यरत है। आरोपी ऋण पर्यवेक्षक गुमान सिंह राजपुरोहित मासिक बंधी के लिए दबाव बना रहा हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उप अधीक्षक स्पेशल यूनिट जोधपुर जगदीश प्रसाद सोनी के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन करवाया गया। इसके बाद आज ऋण पर्यवेक्षक गुमान सिंह राजपुरोहित को परिवादी गोपाराम से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।