भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेईएन को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह रिश्वत एक महिला टीचर से मांगी गई थी। एसीबी ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। यह कार्रवाई एसीबी बीकानेर के एएसपी परबत सिंह के नेतृत्व में की गई।
बीकानेर एसीबी एसपी ममता विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रुपेश कुमार है। वह कनिष्ठ अभियंता है। उसके खिलाफ गांव पारेवड़ा, बीदासर चूरू निवासी महिला टीचर चेना कुमारी केवटिया ने एसीबी में 19 दिसंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी।
जिसमें बताया कि वह बीकानेर जिले के भ्याउं ब्लॉक पांचू स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका है। उनके स्कूल के क्लास रुम की मरम्मत के लिए जिला परियोजना समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान बीकानेर की ओर से 1 लाख 20 हजार रुपए का बजट स्वीकृति हुआ था। इसके चलते क्लास रुम का निर्माण कार्य करवाया गया।
बजट की तीसरी किश्त दिलवाने की एवज में रिश्वत की मांग की
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
टीचर का आरोप था कि इस बजट की तीसरी किश्त दिलवाने की एवज में आरोपी कनिष्ठ अभियंता रुपेश कुमार रिश्वत में 10 हजार रुपए की मांग की है। दो दिन पहले एससीबी में शिकायत का सत्यापन दो दिन पहले किया गया। जिसमें रिश्वत आज देना तय हुआ। इसी के चलते एएसपी परबत सिंह के नेतृत्व में ट्रेप रचा गया।
योजना के मुताबिक आरोपी जेईएन रुपेश कुमार खुद ही म्यूजियम सर्किल, बीकानेर पर रिश्वत लेने पहुंच गया। वहां टीचर से ज्योंही रिश्वत की रकम ली। तभी ईशारा मिलने पर एसीबी ने जेईएन रंगे हाथों पकड़ लिया।