राजधानी में रुपयों के लेनदेन में एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर का अपहरण करने का मामला सामने आया है, लेकिन जयपुर कमिश्नरेट में पश्चिम जिले की पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर ही अपहृत युवक को मुक्त करवा लिया। वहीं, अपहरण के मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजूलाल मीणा उम्र 30 साल, गांव ढोलावास, जिला दौसा का रहने वाला है। जबकि वारदात में शामिल उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इस संबंध में नीलेश नाम के युवक ने जयपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जिले में सेज पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि वह महेंद्र सेज में एक कंपनी में कार्यरत है। उनकी कंपनी के सुपरवाइजर अंकित मालवीय को कुछ लोग अपहरण कर भाग निकले है।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए अन्य साथी
गिरफ्तार
- फोटो : FILE PHOTO
एडिशनल डीसीपी रतन सिंह के निर्देशन में सेज थानाप्रभारी गयासुद्दीन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसमें शामिल सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार बुड़ानिया, कांस्टेबल सुशील, मोतीलाल व अशोक की टीम को दौसा की तरफ रवाना किया गया।
जहां पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर गांव ढोलावास, दौसा जिला पहुंची। जहां पुलिस टीम ने आरोपी राजू मीणा के ठिकाने पर पहुंचकर अपहृत अंकित कुमार मालवीय को मुक्त करवा लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रुपयों के लेनदेन के चलते अंकित का अपहरण किया गया था।