मकर सक्रांति के गुजरने के बाद भी चाइनीज मांझे का जानलेवा कहर बरकरार है। आज एक और युवक की मांझे से गर्दन कटने से मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा राजधानी जयपुर के मुरलीपुरा थाना इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक मृतक की जेब में लाइसेंस मिला है। इसके आधार पर शव की शिनाख्त पंकज जांगिड़ उर्फ रिंकू के रूप में हुई है और वह शास्त्री नगर इलाके के विश्वकर्मा कॉलोनी में रहने वाला था।
घटना आज दोपहर करीब 3 बजे की है। पंकज मोटरसाइकिल पर मुरलीपुरा इलाके से गुजर रहा था। तभी पंजाब नेशनल बैंक के पास अचानक चाइनीज मांझे से पंकज की गर्दन कट गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी।
जयपुर में पहले भी हो चुकी है मांझे से मौत
dead body
- फोटो : Demo pic
लहूलुहान हालत में पंकज को तड़पता देखकर स्थानीय लोगों ने मदद कर पहले गर्दन में फंसे मंझे को हटाया। फिर उसे मणिपाल अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घर में कोहराम मच गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अजमेर रोड पर डीसीएम के पास बाइक सवार एक व्यक्ति की चाइनीज मांझे से गर्दन में श्वास नली कट गई थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। वहीं, मकर सक्रांति पर करीब सैंकड़ों लोग सड़क पर चलते और बाइक चलाते वक्त चायनीज मांझे की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गए थे।