नष्ट किए जब्त मादक पदार्थ एवं शराब
- फोटो : Vishnu Sharma
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की पश्चिम जिले की पुलिस ने विशेष अभियान के तहत थानों के मालखानों में वर्षों से रखा हुआ 35 क्विंटल से ज्यादा नारकोटिक्स तथा हजारों लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया।
जयपुर पश्चिम डीसीपी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और पुलिस कमिश्नर जयपुर संजय अग्रवाल ने पुलिस थानों में लंबे समय से पड़े मालखाना आईटमों को विशेष अभियान चलाकर निस्तारण के आदेश दिये थे। इस पर पुलिस ने थानों द्वारा जब्त की गई शराब के निस्तारण के लिए संबंधित न्यायालय से आदेश प्राप्त कर जिला आबकारी अधिकारी जयपुर राजेश वर्मा व अन्य के सहयोग से करीब 50 हजार लीटर से ज्यादा शराब वाश को नष्ट किया।
इसी प्रकार नारकोटिक्स चरस, गांजा, डोडा—पोस्त, स्मैक, हेरोइन आदि जब्तशुदा मादक पदार्थों को एनडीपीएस न्यायालय से निर्णीत व अपील अवधि समाप्त प्रकरणों में गठित कमेटी डीसीपी जयपुर पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सदस्य अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रतन सिंह और अपराध सहायक सज्जन सिंह कविया द्वारा परीक्षण व जांच के उपरान्त 35 क्विंटल से अधिक नारकोटिक्स पदार्थों को नष्ट कर दिया।