जयपुर में अजमेर रोड पर 200 फीट बाईपास पर दो सप्ताह पहले छह साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म उसके पिता ने ही किया था। वारदात की रात को आरोपी शराब के नशे में था। ऐसे में उसने पास में सो रही अपनी ही बेटी पर उसकी नियत बिगड़ गई और उसने बच्ची का मुंह दबाकर दुष्कर्म किया।
इसका खुलासा आरोपी पिता के डीएनए टेस्ट से हुआ। जिस पर शिप्रापथ थाना पुलिस ने पीड़िता बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शेरुराम उर्फ शेरू है। वह 26 साल का है और मूल रुप से बाड़मेर का रहने वाला है। वह पिछले कई दिनों से अजमेर रोड पर 200 फीट बाईपास पर परिवार के साथ खानाबदोश रह रहा था। गत 8 मई को उसने अपने साढू भाई और रिश्तेदारों के साथ जमकर शराब पी।
इसके बाद फुटपाथ पर ही सो गया। नशे में होने से देर रात शेरु की अपनी छह साल की मासूम बेटी पर नियत बिगड़ गई और उसने बेटी से दुष्कर्म किया। इसके बाद हत्या के इरादे से बच्ची का गला दबा दिया। वह बेहोश हो गई तो शेरु अपनी बेटी को घटनास्थल से कुछ दूर एक भूखंड में पटक कर आ गया।
देर रात 3 बजे बच्ची की मां की आंख खुली तो बेटी को गायब देखकर हल्ला मचा दिया। तब शेरु ने वारदात को छिपा लिया और बेटी को परिवार व पुलिस के साथ तलाश करने का नाटक किया। कुछ देर बाद ही बच्ची खाली भूखंड में मिल गई।
डीसीपी योगेश दाधीच ने बताया कि दुष्कर्म के बाद बच्ची को जेके लॉन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने राहुल उर्फ टाटिया नाम के युवक को संदिग्ध देखकर पूछताछ शुरु की।
बच्ची ने होश में आने पर अपने पिता के द्वारा ही गलत काम करने की बात कही। लेकिन शेरु ने इंकार कर दिया। तब बच्ची के पिता शेरु और राहुल का डीएनए टेस्ट करवाया। एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड के एक्सपर्ट रिपोर्ट भी ली। डीएनए टेस्ट में शेरु का टेस्ट पॉजिटिव रहा। तब शेरु को गिरफ्तार कर लिया।