एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते एक सिरफिर आशिक ने कथित प्रेमिका पर ब्लेड से हमला कर दिया। इससे उसका गला कट गया। एक अस्पताल परिसर में आज दिनदहाड़े हुई इस वारदात से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ हमलावर को पकड़ पाती इससे पहले वह भाग निकला। यह मामला है राजस्थान के बीकानेर जिले का। सदर थाना पुलिस के अनुसार यह वाकया शहर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल परिसर में हुआ।
मंजू कॉलोनी निवासी 22 वर्षीया युवती आज सवेरे अस्पताल परिसर में थी। तभी अर्जुन नाम का युवक वहां पहुंचा। उसने युवती को अकेला पाकर ब्लेड से उसके गर्दन पर वार किए। इससे युवती चिल्ला उठी और देखते ही देखते वह खून से लथपथ हो गई। उसकी चीख पुकार सुनकर लोग मदद करते इससे पहले......
डरे हुए हैं लड़की के घरवाले
सांकेतिक चित्र
- फोटो : Demo pic
आरोपी अर्जुन वहां से भाग निकला। सूचना पर सदर थाना पुलिस अस्पताल में पहुंची। इससे पहले ही अस्पताल कर्मियों ने हमले में घायल युवती को ट्रोमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद युवती का आॅपरेशन भी किया गया।
मामले को पुलिस प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। हालांकि अभी तक हमले में घायल पीड़िता युवती से ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों की ओर से दी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी अर्जुन की तलाश कर रही है। वारदात के बाद से युवती के परिजन भी सहम गए हैं।