बगरु इलाके में गुरुवार को रेलवे ट्रेक पर चरने गई बकरियों को बचाने की कोशिश में चरवाहा ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन चरवाहे ने बकरियों का कटने से बचा लिया। यह हादसा सिंवार गांव में नाड़ी वाली ढाणी के पास हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को मोर्चरी में रखवाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार मालीराम राणा (32) है। वह सिंवार के पास ही रहता था और शादी विवाह में ढोल बजाने का कार्य करता था। उसके दो संतानें है। परिवार का खर्चा चलाने वाला इकलौता था। इससे उसकी मौत का समाचार सुनकर घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह सिंवार में नाड़ी वाली ढाणी के पास रेलवे फाटक के पास खेतों में बकरियों को चरा रहा था। इनमें कुछ बकरियां रेलवे ट्रेक पर चढ़ गई।
इसी बीच ट्र्रेन का हॉर्न सुनकर वह ट्रेक पर खड़ी बकरियों को हटाने दौड़ पड़ा। उसने बकरियों को ट्रैक से भगा दिया, लेकिन तभी ट्रेन धड़धड़ाते हुए आ पहुंची। इससे मालीराम संभल पाता। इससे पहले वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भांकरोटा व आरपीएफ पुलिस पहुंची मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।