श्रीराम फाइनेंस से लाखों रुपए का फर्जी लोन लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले पांच साल से पुलिस की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
मामला अजमेर से जुड़ा है। यहां पुलिस लाइन के उपनिरीक्षक भाग सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने उन्हें श्रीराम फाइनेंस से फर्जी लोन उठाकर लाखों रुपए डकारने वाले आरोपी को पकड़ने का टास्क दिया था। इस पर उन्होंने आरोपी करौली जिले के रहने वाले बनवारी लाल शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी।