भरतपुर जिले में चार हजार रुपए के ईनामी अंतराज्यीय बदमाश को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पहाड़ी थाना पुलिस ने की। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है।
विज्ञापन
जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर कैलाशचन्द्र विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार ईनामी बदमाश कल्लू उर्फ कांसा मेव दौगलावास, तहसील कामां का रहने वाला है। कल्लू के खिलाफ भरतपुर, दौसा व हरियाणा में चोरी, लूट, डकैती की वारदातों में शामिल होने पर मुकदमे दर्ज है।
एसपी विश्नोई ने बताया कि कल्लू उर्फ कांसा को पकड़ने या पकड़ने के लिए सूचना देने वाले को भरतपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 4000 रुपये का इनाम भी घोषित है। रविवार को पहाड़ी थाने के कांस्टेबल जगदीश को ईनामी बदमाश कालू के गांव मल्लाका जाने वाली सड़क भैंसेडा पहाड़ के नजदीक मदरसे के पास होने की सूचना मिली थी।
विज्ञापन
इस पर पहाड़ी थानाधिकारी मुकेशचन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया। एसपी भरतपुर के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।