सीमा पार से आतंकी घुसपैठ के इनपुट मिलने के बाद आईबी ने राजस्थान समेत चार राज्यों में अलर्ट जारी किया है। आईबी ने राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली को भी अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के मुताबिक आईबी को लश्कर के 20-21 आधुनिक हथियारों से लैस आतंकियों के सीमा पार से भारतीय सीमा में घुसपैठ कर आतंकी हमला करने के इनपुट मिले। सूत्रों ने बताया कि कुछ आतंकियों के भारतीय सीमा के भीतर घुस आने के भी संकेत हैं और कुछ घुसपैठ का प्रयास कर रहे हैं। एेसे में आईबी ने देश में भारत पाक सीमा से सटे राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र में अलर्ट जारी किया। अलर्ट के बाद राजस्थान में बार्डर पर सीमावर्ती पुलिस थानों, स्टेट के इंटेलीजेंस, मिलिट्री इंटेलीजेंस और बीएसएफ के अधिकारी व जवान मुस्तैद हो गए हैं।
भारतीय सेना के पाकिस्तान की नौशेरा सेक्टर चौकी उड़ाने और उसका वीडियो जारी करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गर्माहट आ गई थी। पाक सेना के सैन्य अधिकारियों द्वारा भी सियाचिन में वायुसेना का जहाज उड़ाने की जानकारियां मिली थी। वहीं भारतीय सेना के अधिकारियों ने भी जवानों को अलर्ट रहने को कहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान में पिछले कई दिनों में बीएसएफ और बॉर्डर पुलिस के द्वारा कई संदिग्ध लोगों को पकड़ा जा चुका है। जिनसे पूछताछ के बाद भी अहम जानकारियां मिली होंगी।