उत्पातियों को खदेड़ती हुई पुलिस
- फोटो : Vishnu Sharma
आनंदपाल एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को आयोजित जयपुर बंद के दौरान माहौल गरमा गया। जबरन दुकान बंद कराने को लेकर झड़पें हुई और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
जयपुर बंद का आह्वान श्रीराजपूत करणी सेना ने किया था। इस दौरान करणी सेना की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानें बंद कराने के लिए घूमती रही। एक टीम शहर के खातीपुरा इलाके में दुकानें जबरन बंद कराने का प्रयास कर रही थी तो वहां व्यापारियों के साथ उनकी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने दुकानदारों के साथ मारपीट करते हुए दुकानों में तोड़फोड़ की।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी दलबल समेत वहां पहुंचे और लाठी भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। खातीपुरा के जसवंत नगर में आनंदपाल प्रकरण को लेकर प्रदर्शनकारियों ने रास्ता जाम कर दिया और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने एक टैक्सी और रोडवेज बस के शीशे तोड़ दिए। यहां भी पुलिस ने पहुंचकर हंगामा कर रहे युवकों को खदेड़ा।