अपहृत बच्चा, जिसे सकुशल मुक्त करवाया
- फोटो : Amar Ujala
परिचित होने का लाभ उठाकर कुछ युवक पांच साल के एक बच्चे का कल दोपहर अपहरण कर भाग निकले। वारदात के बाद अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के पिता को फोन कर बच्चे को छोड़ने की एवज में दो लाख रुपए की फिरौती मांगी।
यह सनसनीखेज मामला है राजधानी जयपुर के प्रताप नगर थाना इलाके का। यहां रहने वाले पांच साल के एक बालक के पिता एक फैक्ट्री में ठेकेदारी करते हैं। मां भी मजदूरी करती है। इससे माता- पिता के काम पर जाने के बाद बच्चा अपने घर में ही रहने वाले अन्य पड़ौसी किराएदारों के यहां खेलता है।
कल दोपहर करीब 12 बजे तीन चार युवक कुशल के घर पहुंचे और फिर बच्चे को बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गए। उधर, देर शाम को बच्चे के माता-पिता घर पहुंचे तभी उन्हें एक फोन आया। जिसमें फोनकर्ता ने दंपत्ति से बातचीत कर उनके बेटे का अपहरण करने की जानकारी दी। साथ ही, दो लाख रुपए की फिरौती लेकर बुलाया। तब पिता ने सांगानेर थाने में सूचना दी।
मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तब अलग अलग पुलिस टीमें गठित की। वारदात का पता चलने पर पुलिस उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चे को बरामद करने के लिए आॅपरेशन शुरू किया।