प्रदेश में पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित तस्कर के कब्जे से करीब पांच किलो अफीम बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी जा रही है।
मामला राजस्थान के बीकानेर से जुड़ा है। यहां बीछवाल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड पर एक व्यक्ति लाखों रुपए की अफीम तस्करी के लिए लेकर जा रहा है। इस पर पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत मौके पर जाकर तफ्तीश शुरू की। यहां शक के आधार पर जब पुलिस ने एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी में इस व्यक्ति के पास से करीब पांच किलो अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने लोहावट के रहने वाले भागीरथ नाम के इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।