साइबर ठगों ने सेना से रिटायर्ड कैप्टन के खाते से सवा लाख रुपये की शॉपिंग कर ली। पिछले पांच महीने से ठग उन्हीं के नाम से दिल्ली और गुरुग्राम के कई इलाकों में पैसे खर्च कर रहे थे।
थाना प्रभारी जीएस सामंत ने बताया कि नगर में रहने वाले आर्मी से सेवानिवृत्त कैप्टन लक्ष्मण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि डीडीहाट की स्टेट बैंक शाखा में उनका और उनकी पत्नी के नाम पर एक संयुक्त खाता है। मार्च में उनकी पत्नी को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उनका एटीएम बंद होने की जानकारी दी।
फोन करने वाला व्यक्ति अपने को मुंबई से स्टेट बैंक का अधिकारी बता रहा था। उनकी पत्नी फोन करने वाले के झांसे में आ गई और संयुक्त खाते की संख्या, एटीएम का कोड उसे बता दिया। तब से अब तक उनके संयुक्त खाते से दिल्ली, गुरुग्राम इलाकों से 1.23 लाख रुपये की खरीदारी की जा चुकी है।
दिल्ली में इलाज करा रहे पूर्व कैप्टन को डीडीहाट पहुंचने पर इस मामले की जानकारी हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर साइबर अपराध की देहरादून शाखा को भी भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी को भी अपने एटीएम और पासबुक की जानकारी न दें।