परिवहन अधिकारी बनकर हाइवे पर वसूली करने वाले एक ऐसे शातिर गैंग का पर्दाफाश हुआ है। जिसमें परिवहन अधिकारी, स्टॉफ और चालान रसीद बुक सब फर्जी। इस गैंग में शामिल मास्टरमाइंड फर्जी परिवहन अधिकारी और उसके साथी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले कल हरमाड़ा थाने की दौलतपुरा पुलिस चौकीप्रभारी हवासिंह यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने परिवहन विभाग के उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह भाटी और उनकी टीम के साथ मिलकर इस गैंग का हाइवे पर करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया था। इस पर यह गिरोह अपनी बोलेरो गाड़ी अंधेरे में छोड़कर भाग निकला था। तब पुलिस ने आरोपी मास्टरमाइंड को नामजद कर लिया था। इसके कुछ घंटों के भीतर ही मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा।
डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शक्ति सिंह उम्र 28 साल निवासी गांव कलोटडा, थाना पचेरी, झुंझुनूं हाल हनुमान वाटिका, हरमाड़ा, जयपुर में रहता है। वह फर्जी परिवहन अधिकारी बनता है। जबकि दूसरा उसका साथी रमेश कुमार सोनी उम्र 31 साल निवासी गांव कलाली थाना शिवाणी, जिला भिवानी हरियाणा का है। यह गिरोह लाखों रुपए वसूल कर चुका है।