शहर के एक पांच सितारा होटल में मौजूद पर्यटकों को बंधक बनाने की खबर ने हड़कंप मचा दिया। इस अफरा तफरी के बीच पुलिस और स्पेशल सुरक्षा दस्ते के हथियारबंद कमांडों, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीम होटल पहुंची। चप्पे-चप्पे की तलाश शुरु हुई।
आखिरकार कमांडों ने बदमाशों को दबोचकर बंधकों को मुक्त करवाया। यह दृश्य था जयपुर के होटल जयमहल पैलेस में आयोजित मॉक ड्रिल का। जिसे जयपुर शहर में सुरक्षा-व्यवस्था का स्तर जांचने तथा प्रशासनिक ढांचे और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी परखने के लिए मंगलवार को किया गया।
शाम को मॉक ड्रिल के लिए होटल जयमहल पैलेस में आधुनिक हथियारों से लैस 4 आतंकियों के होटल में घुसे होने और पर्यटकों को बंधक बनाने की सूचना पुलिस, आर्मी और जिला प्रशासन को दी गई और इसके बाद इस सूचना से होटल प्रबंधन और वहां ठहरे लोगों में हड़कंप मच गया।
और इस तरह बंधकों को करवाया मुक्त....
कमांडो टीम ने सुरक्षाचक्र बनाया
- फोटो : Vishnu Sharma
पुलिस की स्पेशल कमांडों टीम, क्यूआरटी टीम, एटीएस, एसओजी, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। होटल में प्रवेश के सभी मार्गो को बंद कर दिया गया। हथियारबंद कमांडों व पुलिसकर्मियों ने होटल को चारों तरफ से घेरकर सुरक्षाचक्र बनाया। इसके बाद कमांडो की टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड टीम होटल के विभिन्न इलाकों की तलाशी लेने के लिए अंदर घुसी।
कुछ देर बाद कमांडो टीम ने होटल के अंदर घुस आतंकियों का खात्मा किया और बंधकों को मुक्त कराया. जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा मॉकड्रिल की पुष्टि की गई। डीसीपी अशोक गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्थाओं को जांचने व रेस्पांस टाइम नोट करने के लिए समय-समय पर इस तरह के मॉकड्रिल किया जाता है।