टोल नाके पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक ट्रक यहां रुका और उसमें से उतरकर ड्राइवर-खलासी भाग छूटे। ये देख जब आबकारी विभाग की टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो वह भी चौंक गई।
दरअसल, आबकारी विभाग की टीम ने आज हरियाणा निर्मित शराब से भरे ट्रक को जब्त किया है। जब्त की गई शराब की कीमत 70 लाख रुपए बताई जा रही है। अवैध शराब गुजरात ले जाने की जानकारी आबकारी विभाग को मिली है।
जिला आबकारी अधिकारी एन.एल. राठी ने बताया कि अजमेर के किशनगढ़ टोल नाके के पास विभाग ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान नाकाबंदी देखकर एक जयपुर नम्बर का ट्रक रुका और ड्राइवर व खलासी उतरकर भागने लगे। इस पर जब विभाग की टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 800 से अधिक कर्टन मिले।
राठी ने बताया कि त्योंहारी सीजन होने के कारण गुजरात में हरियाणा निर्मित शराब की अधिक सप्लाई होती है। ऐसे में सभी टीमों को मुस्तैद रहकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक का पता लगाया जा रहा है ताकि उसके जरिये मुख्य तस्कर तक पहुंचा जा सके।