आपने यह तो सुना होगा कि हिम्मत करने वाले का साथ तो भगवान भी देता है। इसको साकार कर दिखाया है अजमेर केे एक बच्चे ने। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले अजमेर के 13 वर्षीय गौरव भाटी ने सूझबूझ और दिलेरी से अपहरणकर्ताओं को ही गच्चा दे दिया।
अलवर गेट थानाधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि गौरव बृहस्पतिवार को तेजाजी की देवली के पास रहने वाली टीचर के पास ट्यूशन पढ़ने गया था। वापस आते समय रास्ते में एक वैन आकर उसके पास रुकी। वैन में से उतरे लोगों ने उसका मुंह भींचकर गाड़ी में बिठा दिया। अपहरणकर्ता वैन को नसीराबाद रोड़ की तरफ ले जा रहे थे। इसी दौरान बिहारीगंज के पास उन्होंने किसी कारणवश वैन का साइड में लेकर रोकी। इसका फायदा उठाकर गौरव तुरंत वैन से उतरकर भागा। पास की गलियों में घुसकर उसने एक दुकानदार को आपबीती बताई तो वह उसे लेकर थाने पहुंचा।
गौरव ने पुलिस को चार अपहरणकर्ताओं के होने की बात कही है, जिसके बाद पुलिस टीम उनकी तलाश में जुट गई है। मामले में आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। गौरतलब है कि पहले भी नया बाजार सहित कई अन्य इलाकों में अपहरण का प्रयास करने के मामले सामने आ चुके हैं।