दो राज्यों की सरहद पर कुछ ऐसा हो रहा था कि पुलिस के कान खड़े हो गए। पूरी प्लानिंग की गई, दबिश दी गई तो एकबारगी पुलिस के भी होश उड़ गए। एक साथ अस्सी से ज्यादा आरोपी पकड़े गए हैं।
मामला उदयपुर का है। उदयपुर आईजी के निर्देश पर उदयपुर पुलिस ने सोमवार रात राजस्थान-गुजरात सीमा पर जुए के अड्डे पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से 85 जुआरियों को तीन पत्ती खेलते रंगे हाथों पकड़ा है। सोमवार रात की गई कार्रवाई में 40 लाख के करीब नकद और लगभग दो करोड़ रुपए का हिसाब मिला है। आईजी के निर्देश पर टीम ने पूरी तरह गोपनीय कार्रवाई की। छापा मारने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयपुर बृजेश सोनी के नेतृत्व में टीम ने छापे की कार्रवाई डूंगरपुर जिले में बिछीवाड़ा थाने से 7 किलोमीटर दूर राजस्थान-गुजरात बॉर्डर के बिछीवाड़ा-रतनपुर पर एक होटल पर की गई।