प्रताप नगर इलाके में रविवार दोपहर को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर घायल हो गए।
यह सड़क हादसा जगतपुरा से वीआईटी कैम्पस जाने वाली रोड पर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जबकि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है।
प्रताप नगर थानाप्रभारी इस्लाम खान ने बताया कि हादसे में घायल आदित्य व सौरभ जगतपुरा स्थित वीआईटी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे है। जबकि भारत भूषण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दो दिन पहले किसी दोस्त द्वारा खरीदी गई नई कार से तीनों शहर की तरफ गए थे। जहां से वापस लौटते समय रविवार दोपहर करीब तीन बजे में अचानक ब्रेक लगाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार पलट गई और सड़क किनारे पेड़ से टकराकर गड्ढे में जा गिरी।
हादसे का शिकार भारत भूषण शर्मा गंगापुर सिटी, सवाईमाधोपुर का रहने वाला था। जबकि गंभीर घायल आदित्य व सौरभ भरतपुर जिले के रहने वाले है।
उनका महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रताप नगर थाना पुलिस ने घायल व मृत छात्र के परिजनों व कॉलेज स्टॉफ को सूचना दी। इसके बाद उनके परिचित व साथी अस्पताल पहुंचे।