जयपुर—दिल्ली हाइवे पर तेज रफ्तार हुंडई वर्ना कार अनियंत्रित होकर पलटी खा गई और एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे के वक्त कार में सवार दो सगी बहनें भी घायल हो गई, लेकिन कार के एयरबैग नहीं खुले। अब उन्होंने कार के एयरबैग नहीं खुलने पर कार निर्माता कंपनी हुंडई और जयपुर के डीलर मोरानी मोटर्स के खिलाफ आमेर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
जय जवान कॉलोनी, टोंक रोड निवासी अशोक मल्होत्रा की बेटी प्रियंका ने रिपोर्ट में बताया कि वह जयपुर दिल्ली हाइवे पर अमेटी यूनिवर्सिटी में पढ़ती है। 24 अप्रैल को प्रियंका और उसकी बहन शाम करीब 4 बजे कॉलेज से अपनी वर्ना कार में घर लौट रही थी। तभी दिल्ली रोड पर कुंडा स्थित गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के नजदीक बॉयोलोजिकल पार्क के सामने सड़क पर गाय आ गई। उस गाय को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी खा गई और एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
हादसे में प्रियंका व उसकी बहन बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने कार के शीशे तोड़कर उन्हें मदद कर बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचना दी। उनका आरोप है कि सड़क हादसे के बाद भी उनकी कार में आगे लगा एयरबैग नहीं खुला। जिससे उनकी जान भी जा सकती थी और चोटें भी ज्यादा आई।