भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर देहात की टीम ने मंगलवार को विद्युत विभाग सहायक अभियंता कार्यालय करधनी क्षेत्र,जयपुर में डाटा इंफोसिस कंपनी के कंप्यूटर ऑपरेटर राजवीर सिंह एवं दलाल श्यामवीर सिंह को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक सचिन मित्तल ने बताया कि परिवादी ने एसीबी में शिकायत की थी कि विद्युत विभाग सहायक अभियंता कार्यालय करधनी क्षेत्र में मीटर रीडिंग का काम डाटा इंफोसिस कंपनी को मिला हुआ है। परिवादी ने बिजली का बिल के 77 हजार रुपए जमा करा दिए, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर ने जानबूझकर नए बिल में पिछले महीने के बिल की राशि बकाया बता दिया और इसे एडजस्ट करने के लिए 18 हजार रुपए की रिश्वत की मांग करने लगा।
बाद में 17 हजार रुपए में मामला तय हुआ। कंप्यूटर ऑपरेटर एवं दलाल ने पांच हजार रुपए भी ले लिए। बाकी रकम लेते कंप्यूटर ऑपरेटर राजवीर सिंह एवं दलाल श्यामवीर सिंह को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपुर देहात नरोत्तम वर्मा के नेतृत्व में की गई।