भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज एक कार्रवाई करते हुए एक रिश्वतखोर एएसआई को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वतखोरी से जुड़ा यह मामला है राजस्थान में अलवर जिले के बानसूर पुलिस थाने का। जहां पकड़ा गया आरोपी एएसआई रामकिशन पदस्थापित है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक सचिन मित्तल ने बताया कि आरोपी एएसआई रामकिशन के खिलाफ परिवादी प्रकाशचंद ने एसीबी में शिकायत दी थी कि उसके व उसके परिवार के खिलाफ बानसूर थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज है। इस मुकदमे में से परिवादी प्रकाशचंद व उसके भाई का नाम निकालने की एवज में ASI रामकिशन सात हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।
मामले की जांच एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलवर शैलम मोहम्मद को सौंपी गई। उनके नेतृत्व में रिश्वत मांग की शिकायत का सत्यापन किया गया। जिस दौरान प्रकाशचंद ने 2 हजार रुपए की रिश्वत ली। इसके बाद आज परिवादी प्रकाशचंद फिर से बाकी की रकम पांच हजार रुपए लेकर एएसआई रामकिशन के पास पहुंचा। जहां रिश्वत लेते ही इशारा मिलने पर एसीबी ने एएसआई को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।