अलवर जिले की शाहजहांपुर पुलिस थाना ने एनएच आठ पर स्थित टोल प्लाजा पर नाकाबन्दी के दौरान हरियाणा निर्मित शराब से भरा एक ट्रक जब्त कर 1150 कार्टन बरामद किए है। इस जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 50 लाख रूपए आंकी जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अलवर राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दयाराम गुर्जर उम्र 44 साल निवासी गांव सौतका थाना रामगढ़ जिला अलवर का रहने वाला है।
शाहजहांपुर थानाप्रभारी सुरेंद्र मलिक को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर के एक ट्रक में हरियाणा निर्मित अवैध शराब से भरा एक ट्रक राजस्थान से गुजरकर गुजरात जाएगा। इस पर थानाप्रभारी मलिक ने नेशनल हाइवे नंबर आठ टोल प्लाजा पर नाकाबन्दी करवाई। एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि नाकाबन्दी के दौरान पुलिस ने ट्रक को रुकवा कर चैक करने की कोशिश की तो चालक ट्रक को भगाकर ले जाने लगा। तब ट्रक के आगे चल रही गाड़ियों को रूकवा कर पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की। ट्रक के चालक ने फौलादपुर पुलिया के पास पुलिस की गाड़ी से पहले ही गाड़ी को रोक दिया। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि खलासी भाग निकला। जिसका नाम शाकिर पुत्र इलियास मेव निवासी बाघोर थाना किशनगढ़बास जिला अलवर का बताया जा रहा है।
सीओ परमाल सिंह ने बताया कि चालक के पास बिल्टी में खाद के कट्टे से भरे होना लिखा था। लेकिन ट्रक के तिरपाल को हटाकर तलाशी लेने पर कट्टों को चैक किया तो कट्टों मे लकड़ी का बुरादा भरा हुआ मिला। फिर कट्टों को हटाकर देखने पर शराब की 1150 पेटीयां छिपाकर रखी मिली।