उदयपुर-ब्यावर हाईवे एनएच-8बी पर भीम के निकट रविवार सुबह चालक को झपकी लगी और देशी शराब से भरा ट्रक पलट गया। यह खबर फैलते ही मौके पर आसपास के गांवों से शौकीन आ पहुंचे। गनीमत रही कि पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके चलते इन शौकीनों के हाथ कुछ नहीं लगा।
घटना राजसमंद जिले की भीम तहसील के गांव गांगाजी का खेड़ा की है, जहां उदयपुर-ब्यावर हाईवे एनएच-8बी पर रविवार सुबह साढ़े आठ बजे देशी शराब से भरा ट्रक पलट गया। इसमें चालक- खलासी गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर भीम थाने से पुलिस दल मौके पर पहुंचा और चालक पदमेला (बरार) निवासी जसवंतसिंह पुत्र मोट सिंह और खलासी पदमेला निवासी तोलसिंह पुत्र लूम्बसिंह को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। दोनों को भीम के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। उधर, आसपास के इलाके में शराब का ट्रक पलटने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस के मौजूद रहने से किसी भी व्यक्ति के कुछ हाथ नहीं लगा। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने हाईवे से ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया
और यातायात बहाल किया गया।