अजमेर—दिल्ली एक्सप्रेस हाइवे पर सोमवार सुबह एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को भगाकर ले गया।
सब इंस्पेक्टर रामदीन शर्मा ने बताया कि हादसे का शिकार राकेश कुमार जाट मूल रुप से झुंझूनूं का रहने वाला था। वह मुरलीपुरा की प्रताप नगर विस्तार कॉलोनी में रहते थे। उनका हरमाड़ा इलाके में हाइवे के नजदीक नमन लोजिस्टिक के नाम से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय का आॅफिस था।
सोमवार सुबह राकेश कुमार कुछ ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े ट्रकों पर माल लोड करवाने होटल हर्ष के सामने हाइवे पर गए थे। इसके बाद पेमेंट किया और फिर अपने परिचित साथी अनिल कुमार के साथ हाइवे के किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने राकेश कुमार को टक्कर मारकर चपेट में ले लिया। जबकि नजदीक खड़े अनिल बाल—बाल बच गए। हादसे के बाद राकेश के साथी अनिल ने उनके बेटे व परिजनों को सूचना दी। इसके बाद गंभीर हालत में राकेश को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां काफी संख्या में ट्रासंपोर्ट व्यवसायी इकट्ठा हो गए। राकेश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ट्रक की तलाश करने में जुटी हुई है।