वो छठ पूजा की तैयारी कर रहा था। पूजा के लिए गेहूं पिसवाने जा रहा था, बीच रास्ते में मौत आई और उसको साथ ले गई। घटना के बारे में जिसने भी सुना वो अपने आसूं नहीं रोक सका।
मामला राजस्थान के अलवर का है। अलवर के एमआईए थाना क्षेत्र में अलवर-भरतपुर मार्ग पर बख्तल की चौकी के पास एक ट्रोले ने साइकिल सवार छात्र को टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार अमन बनिया निवासी बिहार की मौत हो गई। अमन वर्तमान में देसुला अलवर में रह रहा था।
मृतक अमन 7वीं कक्षा में पढ़ता था। कल देर शाम वह छठ पूजा के लिए गेहूं पिसाने के लिए बख्तल की चौकी गया था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रहे ट्रोले ने साइकिल सवार अमन को टक्कर मार दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रोले को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य चिकित्सालय ले आई। यहां शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एमआईए थाने के सहायक उपनिरीक्षक ने बताया कि सूचना मिली कि बख्तल की चौकी के पास एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य चिकित्सालय लेकर गए, जहां शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।