रक्षाबंधन पर पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहे एक व्यक्ति को बाइक सवार दो बदमाशों ने आज दिनदहाड़े रिंगरोड के रास्ते में रुकवा लिया और उसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया। इसके बाद मारपीट कर रुपए लूटकर भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
यह वारदात जयपुर के कानोता थाना इलाके में हुई। इससे पहले ही कानोता इलाके में बीती रात को बाइक सवार दो बदमाशों ने बस्सी निवासी राजेश पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने पर उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया है। उन बदमाशों का भी सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के मुताबिक वारदात कानोता निवासी जितेंद्र के साथ हुई। वह आज रक्षाबंधन पर पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। तभी आगरा रोड पर माली की कोठी के समीप रिंग रोड पर अज्ञात दो बदमाशों ने जितेंद्र को रुकवाया। उससे मारपीट कर कनपटी पर तमंचा तान दिया और धमकाकर जेब में रखे करीब डेढ़ हजार रुपए छीनकर भाग निकले। वारदात के बाद पीड़ित जितेंद्र ने आसपास के लोगों को बताया। तब सूचना मिलने पर कानोता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपियों की तलाश में टीम रवाना की गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।