जयपुर जिले के दूदू थाना इलाके में बुधवार देर रात को तेज रफ्तार बस ने ट्रक का टायर बदल रहे एक खलासी को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
दूदू पुलिस के मुताबिक शव की शिनाख्त गांव जैतपुरा, प्रतापगढ़ जिला अलवर निवासी सियाराम सैनी (22) के रुप में हुई है। वह एक ट्रक पर खलासी का काम करता था। कल देर रात को दूदू से जयपुर की तरफ आते वक्त रिलायंस पट्रोल पम्प के पास ट्रक का टायर फट गया। इसके बाद सियाराम स्टेपनी बदल कर दूसरा टायर लगा रहा था। इसी दौरान एक निजी ट्रेवल्स कंपनी की बस ने सियाराम को कुचल दिया। इससे उसकी ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वीडियोकोच बस जोधपुर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। उसे जब्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। शव का पोस्टमार्टम बृस्पतिवार को करवाया गया।