बीस साल की उम्र में उसे एक लड़की होने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। ऐसा उसने एक लड़के की हरकतों से परेशान होकर किया। खुदकुशी से पहले छात्रा ने एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें उसने अपने मम्मी-पापा से इस कठोर कदम को उठाने के लिए माफी मांगते हुए एक लड़के साहिल के बारे में जिक्र किया।
उसने नोट में लिखा है कि साहिल मुझे परेशान कर रहा है। इससे मैं तंग आ गई हूं और खुदकुशी कर रही हूं। उसे मार देना। यह मामला है जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके का। पुलिस के मुताबिक खुदकुशी करने वाली हंसा सैनी (20) मूल रूप से सीकर जिले में कांवट की रहने वाली थी।
वह मानसरोवर के प्रेम नगर द्वितीय में किराए पर रहकर प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कर रही थी। आज सुबह करीब साढ़े दस बजे हंसा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मकान मालिक की सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना में शव के समीप एक सुसाइड नोट मिला।
सब इंस्पेक्टर सीताराम ने बताया कि सुसाइड नोट में मम्मी—पापा से आत्महत्या करने के लिए माफी मांगी आौर एक लड़के के परेशान करने से तंग आकर खुदकुशी करने की बात लिखी है। मामले का पता चलने पर परिजन यहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मृतका का जयपुरिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर सुसाइड नोट के आधार पर युवक की तलाश कर रही है।