10 साल के बेटे को मोबाइल फोन देना एक पिता के लिए भारी पड़ गया। बेटे ने इस फोन से पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और फिर फोन उठाने वाले पुलिसकर्मी को धमकियां दे डाली।
शिकायत दर्ज कर पड़ताल में जुटी पुलिस मोबाइल नंबरों के आधार पर बच्चे के पिता तक पहुंच गई और उसे आज गिरफ्तार कर लिया। यह मामला है राजस्थान के अजमेर जिले का। यहां के सिविल लाइंस थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि 10 साल के एक बच्चे ने करीब दो सप्ताह पहले अजमेर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और उसने पुलिसकर्मी से अभद्र बातें कर धमकी दी।
इस संबंध में कन्ट्रोल रूम प्रभारी की शिकायत पर सिविल लाईंस थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल की। जांच में सामने आया कि दांता निवासी 10 वर्षीय बच्चे ने मजाक में अपने पिता के मोबाइल से फोन किया था। बच्चे के पिता बाल सिंह किसान है। मोबाइल की सिम उनके नाम से जारी हुई थी और वह बेटे की इस हरकत से अंजान थे। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता को लापरवाही बरतने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।