जयपुर शहर में स्थित एक दवाई गोदाम के साथ राज्यभर में ड्रग विभाग ने शुक्रवार को छापेमारी की। छापेमारी के नतीजे चौंकाने वाले थे। जयपुर के रेल नगर में बने गोदाम से विभाग ने करीब 50 लाख रुपए की नकली दवाएं जब्त की। ये सभी एंटीबॉयोटिक दवाएं है। जिनमें साल्ट की मात्रा शून्य पायी गई है। गौरतलब है कि इन दवाओं का उपयोग सामान्य बीमारी से लेकर आॅपरेशन थिएटर तक किया जाता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है चिकित्सक इन दवाओं की मात्रा कितनी ही ज्यादा कर दे यह असर नहीं करेंगी।
वहीं विभागीय अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार शाम हुई यह कार्रवाई पूरी रात्रि चली है। जानकारी के अनुसार यहां से दवाओं की सप्लाई राजस्थान के अन्य जिलों के अतिरिक्त हरियाणा, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड के अतिरिक्त देश के दस से अधिक राज्यों में की जा रही थी। विभाग के अनुसार जयपुर का यह गोदाम कमला एंटरप्राइजेज का है।
इसके मालिक विनोद कुमार से पूछताछ की जा रही है। मालिक के पास दवा बेचने का लाइसेंस तो है लेकिन स्टॉक का लाईसेंस नहीं है। अब विभाग इस बात में जुटा है नकली दवाओं को बेचने के लिए ये लोग क्या तरीका अपनाते है।
साथ ही इन नकली दवाओं की मेन्यूफेक्चरिंग कहां की जाती है। हालांकि मेन्यूफेक्चरिंग को लेकर जो शुरुआती जानकारी मिली है वह उत्तराखंड की है। लेकिन ड्रग विभाग से जुड़े अधिकारियों को इस जानकारी पर शक है। इसलिए उत्तराखंड के ड्रग विभाग को सूचना देकर इस सबंध में पूरी जानकारी मांगी गई है।