नगर निगम कार्यालय के बाहर विरोध।
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर नगर निगम ग्रेटर में विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। भारद्वाज के साथ सैकड़ों लोग सांगानेर नगर निगम कार्यालय के बाहर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा, नगर निगम ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद से स्थिति बदतर हो गई है। सांगानेर में चारों तरफ कचरा पड़ा रहता है, कचरा उठाने वाली गाड़ियां कहीं भी समय से नहीं आती हैं।
उन्होंने कहा, नालों की सफाई नहीं होने से उनमें कचरा भरा पड़ा है, जिससे पानी सड़कों पर बह रहा है। सीवर लाइनें भी जाम हैं। सफाई कर्मचारी नदारद रहते हैं और जनता परेशान है। हालात यह हैं कि आधी से ज्यादा स्ट्रीट लाइट खराब होने से सांगानेर में अंधेरा छाया हुआ है। कई बार शिकायत करने पर भी भाजपा के बोर्ड का जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं है।
कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा, अधिकतर लोग पट्टों के लिए परेशान हैं। उन्हें समय से पट्टे नहीं दिए जा रहे और चहेतों को पट्टे देकर धाधली की जा रही है। सांगानेर ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश व्यास ने निगम के भाजपा बोर्ड को चेताते हुए कहा, जानता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस निगम के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगी। निगम का रवैया सही नहीं है।