कोटा नगर निगम में आज बोर्ड की मीटिंग में जमकर हंगामा हुआ। बैठक की शुरुआत में ही गौशाला में गायों की मौत और तस्करी के आरोप लगे।
बीजेपी पार्षदों ने अपने बोर्ड को ही कटघरे में खड़े करते हुए बंधा धर्मपुरा गौशाला में रोजाना दर्जनों गायों की मौत होने के आरोप लगाए। इसी बीच निर्दलीय पार्षद ने पकड़ी गई गायों के गौशाला से गायब होने पर तस्करी का आरोप निगम पर लगाया तो बीजेपी के पार्षद भड़क गए। पार्षदों ने निर्दलीय पार्षद मोहम्मद हुसैन की भाषा का विरोध किया और भारत माता की जयकार करने लगे। साथ ही, निगम द्वारा गौ तस्करी के आरोप लगाने के लिए माफी की मांग की गई। पार्षद हुसैन ने काफी देर तक माफी नहीं मांगी तो पार्षदों और उपमहापौर ने सदन को नहीं चलने दिया।
इसके चलते बीजेपी पार्षदों और पार्षद हुसैन के बीच हाथापाई तक की नौबत नोबत आ गई। ऐसे में काफी देर तक चले हंगामे के बाद निर्दलीय पार्षद ने सदन और महापौर महेश विजय के सामने यह कहते हुए माफी मांगी की उनकी बात से कोई आहत हुआ है तो क्षमा करें। हालांकि, पार्षद ने फिर भी यही कहा कि गौशाला से गायब हो रही गायों के बारें में उन्हें संतुष्टीपूर्ण जवाब नहीं मिला है। बैठक में दशहरा मैदान के विकास कार्य और शहरी जन कल्याण शिविरों में पट्टे बनने में हो रही देरी सहित अन्य एजेंडों पर भी चर्चा हुई।