कोटा में गुरुग्राम के रहने वाले एक कोचिंग छात्र को युवक-युवती की लड़ाई के बीच में टोकना महंगा पड़ गया। इस टोकाटोकी से गुस्साएं युवक ने छात्र पर चाकू से वार किए जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना कैथूनीपोल थाना इलाके में सोमवार रात गढ़ पैलेस के नजदीक हुई। 22 वर्षीय छात्र अनिल वामल हरियाणा के गुरुग्राम में टीकमचंद नगर का रहने वाला था और कोटा में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात वह अपने कुछ साथियों को गढ़ पैलेस घूमने के लिए आया था।
इस दौरान वहां एक युवक और युवती आपस में झगड़ रहे थे। इनके बीच मामला बढ़ गया और युवक ने युवती के साथ मारपीट शुरु कर दी। इस अनिल युवती को बचाने के दौड़ा तो युवक ने चाकू निकालकर अनिल के सीने पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर वहां से भाग गया। अनिल के दोस्त उसे उठाकर एक निजी अस्पताल पहुंचे मगर इतनी ही देर में अनिल दम तोड़ चुका था।
उधर, इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आरोपियों की स्कूटी को जब्त किया। गाड़ी के नंबरों के आधार पर दोनों का पता लग पाया। हत्या के आरोपी कैथुनीपोल निवासी ललित कहार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती को भी हिरासत में लिया गया है।