धौलपुर उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को रोड शो के दौरान सीएम वसुंधरा राजे के पांव में मोच आ गई थी। जिसके चलते वह धौलपुर में ही रुकी हुई है। उनकी धौलपुर में उपस्थित को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बाद आयोग मेडिकल बोर्ड का गठन करने के निर्देश दिए थे। अब मेडिकल बोर्ड ने कहा है कि राजे चल—फिर नहीं सकती। बोर्ड की रिपोर्ट पर अब चुनाव आयोग फैसला करेगा। वहीं राजे के सिपेहसलार कई मंत्री प्रचार थमते ही धौलपुर से निकल गए है। कांग्रेस का आरोप है कि राजे का धौलपुर में रुकना नैतिकता और कानून के खिलाफ है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि उन्हें आशंका है कि सीएम चुनाव को प्रभावित कर सकती है। इससे पूर्व मतदान के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई। धौलपुर से सटी यूपी व एमपी की सीमाओं का सील कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा बलों की नौ कंपनियां तैनात की गई। चुनाव में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए चुनाव आयोग पूरी नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि धौलपुर उपचुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच है। कांग्रेस ने जहां दिग्गज नेता बनवारी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक बीएल कुशवाह की पत्नी पर दांव लगाया है।