आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना में गरीबों व जरूरतमंदों को सरकारी व निजी अस्पतालों में निशुल्क उपचार उपलब्ध होगा। इस योजना का लाभ राज्य के 1.10 करोड़ परिवारों को मिलेगा और लाभार्थी परिवार हर साल पांच लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क करवा सकेगा।
गहलोत ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना पर सालाना 1800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें से 80 प्रतिशत राशि राजस्थान सरकार देगी जो कि लगभग 1400 करोड़ रुपये बनता है जबकि बाकी 400 करोड़ रुपये केंद्र सरकार देगी। गहलोत ने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक लोगों को फायदा दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है। राज्य के 1.10 करोड़ परिवारों को इसका फायदा मिलेगा यानी दो तिहाई जनता इसके दायरे में आ जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना में सामाजिक एवं आर्थिक जनगणना, 2011 के आधार पर लाभार्थियों का चयन किए जाने के कारण राज्य के करीब 59 लाख परिवार ही पात्र थे, लेकिन राजस्थान में विस्तृत रूप में लाई गई इस योजना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को भी जोड़कर कुल 1.10 करोड़ परिवारों को लाभ दिया जा रहा है।