76वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जयपुर के बड़ी चौपड़ पर आयोजित समारोह को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संबोधित किया। यहां पहले सीएम ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमुदाय को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वंत्रतता सेनानियों के लंबे संघर्ष और समर्पण से देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली।
नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी का बलिदान किया याद
सीएम ने आगे कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महान नेताओं ने मुल्क को नई दिशा दी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने आतंकी ताकतों से लोहा लेते हुए अपनी जान दे दी, लेकिन देश की एकता पर आंच नहीं आने दी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने भी भारतीय उपमहाद्वीप में शांति स्थापित करने का प्रयास किया और इसी कोशिश में अपने प्राणों का उत्सर्ग किया।