प्रदेश में करौली जिले की सपोटरा तहसील में एक अनोखे बाल विवाह का मामला सामने आया है। यहां नाबालिग बच्ची की शादी उसके दादा ने एक अधेड़ के साथ तय कर दी। नाबालिग के माता-पिता द्वारा विरोध करने पर परिवार का हुक्का-पानी तक बंद कर दिया गया। अब पीड़ित परिजनों ने बृहस्पतिवार को कलक्टर का दरवाजा खटखटाया है।
मामले के तहत सपोटरा में रहने वाली 13 साल की नाबालिग बच्ची का ब्याह उसके दादा ने ही 45 साल के अधेड़ के साथ तय कर दिया। यही नहीं, जब बच्ची के माता—पिता ने इस बेमेल विवाह का विरोध किया तो गांव के पंच—पटेलों ने उनका हुक्का—पानी बंद करने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया। लंगेह गांव में रहने वाले लड़की के पिता कैलाश गुर्जर ने बताया कि लड़की के दादा ने उसकी शादी पांच साल पहले पहाड़पुरा गांव के रहने वाले अमरसिंह के साथ तय कर दी।
इसके बाद अब आखातीज पर बेटी का ब्याह उसके साथ करने के लिए पंच पटेल लगातार दबाव बना रहे थे। कैलाश का कहना है कि जब उसने 45 साल के अमरसिंह से बेटी का ब्याह करने से मना कर दिया तो पंच—पटेलों ने पंचायत बुला ली। इसमें उसके परिवार का हुक्का—पानी बंद कर दिया गया।
साथ ही, यहां बनी हुई सरकारी पानी की टंकी से पानी तक उसे नहीं भरने दिया जा रहा। इसके कारण उसके परिवार के लोगों को पांच किलोमीटर दूर से पीने के लिए पानी भरकर लाना पड़ता है।
आखिरकार तंग आकर बृहस्पतिवार को पीड़ित पक्ष ने कलक्टर को इस संबंध में अपनी व्यथा सुनाई। इसके बाद कलक्टर ने मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के लिए स्थानीय थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं।