70 के दशक के वॉलीबॉल खिलाड़ी एन.के.मिश्रा के लिए केंद्र सरकार ने पांच लाख रुपए की सहायता मंजूर की है। इस संबंध में राज्य सरकार ने खेल मंत्रालय से आग्रह किया था।
जयपुर निवासी खिलाड़ी एन.के.मिश्रा नेशनल लेवल के वॉलीबॉल प्लेयर रह चुके है। राजस्थान खेल के अंतर्गत कोच के तौर पर भी वे अपनी सेवाएं दे चुके है। मिली जानकारी के अनुसार, ये राशि मिश्रा की खराब आर्थिक स्थिति के मद्देनजर खिलाड़ियों के लिए बने पंडित दीन दयाल उपाध्याय नेशनल वेलफेयर फंड से मंजूर की गई है।
इस सप्ताह ये खेल मंत्रालय की दूसरी ऐसी सहायता है। सरकार ने बीते वर्षों के फुटबॉल महारथी मुहम्मद हबीब के लिए भी पांच लाख की राशि स्वीकृत की थी। खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए सुविधा और सम्मान के मंत्र को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कई कदम उठाए हैं।