अक्सर हम देखते हैं कि बच्चे विज्ञापन से प्रभावित होते हैं और उसकी नकल करने लगते हैं। आपने चॉकलेट के उस विज्ञापन को जरूर देखा होगा जिसमें एक लड़के और एक वृद्ध महिला को दिखाया गया है। ऐसा ही एक मामला राजस्थान से सामने आया है जिसमें बच्चे ने विज्ञापन से प्रभावित होकर पिता की बात को ही अनसुना कर दिया।
इस विज्ञापन में दिखाया गया है कि वृद्ध महिला की छड़ी गिर जाती है और वह उस लड़के को छड़ी उठाकर देने के लिए कहती है। वह लड़का छड़ी को उठाने के बजाय अपनी ही धुन में फाइव स्टार चॉकलेट खाता रहता है और मदद के लिए कदम नहीं बढ़ाता।
इसके बाद जो लड़का चॉकलेट खा रहा है वो बूढ़ी महिला की नहीं सुनता, फिर वो बूढ़ी दादी खुद उठती है और छड़ी उठाती है, तभी धड़ाम से बड़ा बक्सा उस जगह गिर जाता है जहां वो बैठी थी। फिर बूढ़ी महिला उस लड़के को धन्यवाद देती है कि सही किया तूने जो मेरी नहीं सुनी।
राजस्थान के रामनगर में एक बच्चे ने खुद ही ऐसा कर डाला। उसने अपने पिता अमित गांधी द्वारा दादाजी को दवाई देने की बात को अनसुना करते हुए कहा कि कुछ नहीं करने से भी लोगों की मदद हो सकती है। बेटे के इस जवाब को सुनकर अमित चौंक गए। इसके बाद बेटे ने चॉकलेट कंपनी के विज्ञापन के बारे में बताया।
अब अमित ने इस मामले को लेकर अदालत में याचिका दायर की है।अमित गांधी पेशे से वकील है। उन्होंने इस विज्ञापन को भारतीय संस्कृति व नैतिकता के खिलाफ बताया और इस पर रोक की मांग की है।