सीतापुरा स्थित पूर्णिमा इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को छात्रों ने गर्मियों की छुट्टियां कम करने को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। छात्रों ने जहां जमकर नारेबाजी की, कॉलेज की बस के कांच भी तोड़ दिए। कॉलेज प्रशासन ने इसे लेकर छात्रों के खिलाफ सख्त कदम भी उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक कॉलेज में इस सत्र में ग्रीष्मावकाश के दिनों में कटौती करके अतिरिक्त कक्षाएं लगाने का फैसला किया है। राजस्थान तकनीकी महाविद्यालय के निर्देशों के मुताबिक यह फैसला लिया गया है। छात्रों ने ग्रीष्मावकाश में कमी का विरोध किया। उनका कहना था कि कॉलेज प्रशासन का यह निर्णय मनमानी है। छात्रों ने पहले नारेबाजी की और कक्षाओं का बहिष्कार किया। इसके बाद छात्र कॉलेज परिसर में हंगामा करने लगे। थोड़ी ही देर में छात्रों ने कॉलेज की बस के कांच भी तोड़ दिए। उधर, कॉलेज प्रशासन का कहना था कि यह कदम छात्रों के हित के लिए उठाया गया है। कॉलेज के निदेशक शशिकांत सिंघी ने बताया कि छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के लिए ही यह किया जा रहा है। छात्र इसे गलत समझ रहे हैं और विरोध कर रहे हैं।