फरीदाबाद में नियम 134 ए के तहत आरक्षित रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए विभाग की सिरदर्दी बढ़ गई है। अभिभावक ट्रांसपोर्ट एवं एक्टिविटी शुल्क नहीं देने की मांग पर अड़े हुए है, जबकि निजी स्कूल द्वारा यह शुल्क जमा कराने पर दाखिला लेने की बात कर रहे हैं। ऐसे में अब अभिभावक शिक्षा विभाग की चौखट पर अपनी गुहार लगा रहे हैं।
अभिभावकों का कहना है कि एक्टिविटी तो स्कूली शिक्षा का अहम हिस्सा है। उसका शुल्क अदा नहीं किया जाएगा। लेकिन ट्रांसपोर्ट शुल्क को लेकर शिक्षा विभाग, निजी स्कूल एवं अभिभावकों के बीच कोई राय नहीं बन पाई है।
फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ ब्लॉक में मूल्यांकन परीक्षा पास करने वाले 365 विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित किया गया था। जिसमें अब तक सिर्फ 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को दाखिला मिल पाया है।
बताया जा रहा है कि स्कूलों द्वारा दी जाने वाली सुविधा का शुल्क मांगा जा रहा हँ, जो गरीब अभिभावक भरने में समक्ष नहीं है। वह इस मामले में शिक्षा विभाग का साथ चाह रहे है। शिक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले में अब अन्य अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं।
निजी स्कूलों से ट्रांसपोर्ट एवं एक्टिविटी शुल्क को लेकर बातचीत की जा रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। सभी विद्यार्थियों का दाखिला कराया जाएगा।-अनिता शर्मा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद