कोटा के जेडीबी कॉलेज में छात्राओं ने नारेबाजी की और कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। छात्राओं की नाराजगी कॉलेज में फोटो स्टेट मशीन नहीं लगाने और प्राचार्य-व्याख्याताओं के समय पर नहीं आने को लेकर थी।
छात्रा नेता हीना राठौड़ के नेतृत्व में छात्राओं ने गेट पर जमकर हंगामा किया, जिससे कॉलेज में होने वाला कामकाज भी ठप्प हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस और छात्राओं के परिजनों ने उन्हें समझाईश की, इसके बाद छात्राएं मानीं। छात्राओं का आरोप है कि कई छात्राओं का रिजल्ट क्लीयर नहीं है, जिसके लिए उन्हें एक फॉर्म भरवाया जा रहा है।
इस फॉर्म पर साइन करवाने के लिए छात्राएं पिछले तीन दिनों से कॉलेज के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें इधर-उधर दौड़ाया जा रहा है। एबीवीपी के द्वारा कॉलेज में दान की गई फोटो स्टेट मशीन भी अभी तक कॉलेज प्रबंधन ने नहीं लगाई है, जिससे ग्रामीण इलाकों से आने वाली छात्राएं परेशान हैं।
वहीं राजकीय महाविद्यालय में भी छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम भोला के नेतृत्व में छात्रों ने प्रिंसिपल का घेराव किया। छात्रों की मांग है कि गवर्मेंट कॉलेज संभाग सबसे बड़ा कॉलेज हैं, ऐसे में यहां सीटें कम हैं। सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रा ने प्रदर्शन किया और प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा।