राजस्थान विवि में शनिवार को एक अनोखा कार्यक्रम पुस्तक विमर्श आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एक दिन में ही करीब दो सौ किताबों पर चर्चा होगी। विवि के शिक्षक किताबों की खूबियां बताएंगे तो विद्यार्थी उसने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा शांत करेंगे। इस कार्यक्रम में विवि में मौजूद सभी विभागों के छात्र व शिक्षक उनके विभाग से जुड़ी श्रेष्ठ पांच किताबों पर चर्चा करेंगे।
विवि में 38 विभाग हैं। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विभाग में श्रेष्ठतम पांच पुस्तकों का चयन किया गया है व प्रत्येक पुस्तक पर विभाग के पांच शिक्षक उस पुस्तक से जुडी विशेषताओं व अन्य आयामों की 20-20 मिनट तक जानकारी देंगे। शिक्षकों द्वारा पुस्तकों की जानकारी देने के बाद इस पुस्तक विमर्श में उपस्थित छात्र पुस्तक पर रखे गये विचारों के संबंध में अपने सवाल करेंगें। पुस्तक विमर्श के इस महाकुंभ में एक ही दिन में लगभग 200 श्रेष्ठ पुस्तकों पर विश्वविद्यालय में चर्चा होगी।
विवि में कुलपति राजेश्वर सिंह की पहल पर यह पुस्तक विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इस आयोजन का उद्देश्य है कि छात्रों को उनसे जुडे विषय की राष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठतम पुस्तकों की जानकारी हो जिससे वे अपने विषय से जुडी श्रेष्ठ अध्ययन सामग्री का उपयोग अपने अध्ययन में कर सकें। इस कार्यक्रम के तहत संबंधित विषय के विभागाध्यक्ष व विभाग में नियुक्त दो वरिष्ठ एवं दो हाल ही नियुक्त हुए शिक्षकों का एक पांच सदस्यीय पैनल बारी बारी से इन श्रेष्ठतम पुस्तकों में एक एक पुस्तक पर 20 मिनट की समयावधि तक इन चयनित श्रेष्ठतम पुस्तकों से जुडी विवेचना प्रस्तुत करेगा। इस अवसर पर प्रत्येक विभाग एवं उससे जुडे विषय से संबंधित सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहेंगे।