कॉलेज में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर आज छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर नारेबाजी की।
मामला अलवर के राज ऋषि महाविद्यालय से जुड़ा हुआ है। यहां बीएससी वर्ग की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर आज छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि जितनी सीटें कॉलेज में हैं उससे 10 गुना अधिक आवेदन आ चुके हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश से वंचित रह जाएंगे। इस सम्बंध में छात्रों ने पहले भी प्राचार्य को अवगत कराया था। इसके बावजूद अभी तक सीटें नहीं बढ़ाई गई। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि यदि मांगें नहीं मानी गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे और धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंची अरावली विहार थाना पुलिस ने प्राचार्य से मुलाकात कर छात्रों से समझाईश की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।